देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया है। इस संबंध में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने आयुक्त राज्य कर को पत्र जारी किया है। सरकार के आदेश के अनुसार फिल्म हनुमान अंश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है कि मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में फिल्म के प्रदर्शन के लिए दी जाने वाली सेवा पर राज्य के भीतर भुगतान किए जाने वाले एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति सरकार की ओर से की जाएगी। यानी दर्शकों से एसजीएसटी नहीं लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबडक़ला स्थित सेंट्रियो मॉल में प्रसिद्ध संत नीब करौरी बाबा के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म हनुमान अंश देखी थी। उनके साथ धर्मपत्ïनी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व प्रदीप बत्रा मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म हनुमान अंश को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीब करौरी बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
क्या है फिल्म की कहानी
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की कहानी लक्ष्मण दास के जीवन पर आधारित है, जो आगे चलकर नीब करौली बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए। फिल्म में उनके जीवन की आध्यात्मिक यात्रा को दिखाने की कोशिश की गई है। कहानी एक ऐसे व्यक्ति के सफर को सामने लाती है, जिसकी जिंदगी धीरे-धीरे आध्यात्मिकता और भक्ति की ओर बढ़ती है और बाद में वह लाखों लोगों के लिए श्रद्धा का केंद्र बन जाते हैं।







Leave a Comment