हरिद्वार। हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सराफा कारोबारी के यहां काम करने वाली दो महिलाएं परिवार को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर सामान लेकर फरार हो गई। दोनों महिलाएं नेपाली मूल की हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। नौकरानियों का घर से निकलते समय का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। पुलिस आरोपी महिलाओं की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सराफा कारोबारी यशपाल मल्होत्रा आरके एनक्लेव आर्यनगर ज्वालापुर में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके यहां दो नेपाली मूल की महिलाएं घर का काम करती थी।
बताया जाता है कि बृहस्पतिवार को दोनों महिलाओं ने यशपाल मल्होत्रा, उनकी पत्नी जीत मल्होत्रा, चार वर्षीय हर शिवा पुत्र मानक मल्होत्रा को दोपहर में खाना दिया। खाना खाने के बाद उन्हें होश नहीं रहा। आरोप है कि इस बीच दोनों महिलाएं घर से सामान चोरी कर फरार हो गईं। शाम को होश आने पर उन्हें इसका पता चला।
परिवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरें खंगाले।सीसीटीवी फुटेज में घर से निकलते हुए दोनों महिलाएं जाते हुए दिखाई दे रही हैं। परिवार ने इसकी तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Leave a Comment