गांव में 15 लाख रुपए से बनेगी सिंचाई नहर, जागेश्वर धाम के पास है फुलई गांव
जागेश्वर, अल्मोड़ा। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम के पास बसा फुलई गांव जल्द ही फूलों की खेती के लिए अपनी विशेष पहचान बनाएगा। फुलई गांव के फूल जागेश्वर धाम सहित आसपास के मंदिरों के लिए भेजे जाते हैं। जागेश्वर धाम में विशेष पर्व पर सजावट के लिए भी फुलई गांव से ही फूलों की आपूर्ति की जाती है। फुलई में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए अब सिंचाई विभाग 15 लाख रुपए की लागत से सिंचाई नहर बनाने जा रहा है, जिसके लिए पहली किस्त भी जारी हो चुकी है।
धौलादेवी विकासखंड के जागेश्वर धाम स्थित फुलई गांव में दस- बारह परिवार फूलों की खेती कर रहे हैं। उनके खेतों में उगने वाले गेंदा, गुलाब सहित विभिन्न प्रजातियों के फूल जागेश्वर धाम समेत आसपास के मंदिरों की शोभा तो बढ़ाते ही हैं, साथ ही गांव के लोगों का स्वरोजगार के प्रति रुचि भी बढ़ा रहे हैं। गांव में फूलों की खेती करने वाले लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या पानी को लेकर थी। उन्हें बारिश के पानी पर ही निर्भर रहना पड़ता था।
अब यहां के फूलों को नई पहचान दिलाने के लिए सिंचाई विभाग 15 लाख रुपये से 1.10 किमी नहर बनाने जा रहा है। इस कार्य के लिए विभाग को 7 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी हो चुकी है। सिंचाई नहर बनने से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचेगा और उन्हें विभिन्ïन प्रकार के फूलों को उगाने में सफलता मिलेगी। इससे गांव के अन्य लोगों की रुचि भी फूलों की खेती के प्रति बढ़ेगी और फूलों का कारोबार भी बढ़ेगा। जल्द ही फूलों की खेती के लिए फुलई गांव एक विशेष पहचान बनाएगा।


Leave a Comment