नैनीताल । नैनीताल से पांच दिन पहले लापता हुए अल्मोड़ा के युवक का शव खाई से बरामद हुआ है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि दीपक उपाध्याय बीते बुधवार को तल्लीताल रोडवेज स्टेशन क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार सर्च अभियान चलाया, लेकिन चार दिनों तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।
इसी बीच पुलिस ने युवक के साथ मौजूद उसके तीन दोस्तों से भी सख्ती से पूछताछ की। सोमवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान टूटा पहाड़ क्षेत्र में करीब 80 मीटर गहरी खाई में युवक का शव मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया।
मृतक के परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दीपक का अचानक लापता होना और इस तरह शव का मिलना संदेह पैदा करता है।
घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।







Leave a Comment