Report ring desk
देहरादून। प्रदेश सरकार ने कोविड की तरह डेंगू रोकथाम के लिए रणनीति बनाई है। एक ही मोहल्ले से डेंगू के 10 से अधिक मरीज मिलने पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किए जाएंगे।
कंटेनमेंट जोन में प्रत्येक घर में लार्वा नष्ट करने के लिए सफाई अभियान के साथ फॉगिंग की जाएगी। इसकी निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नामित होंगे। प्रदेश में अब तक डेंगू मरीजों की संख्या 1130 पहुंच गई है। इसमें 655 मामले देहरादून जिले के हैं।
डेंगू से बचाव और रोकथाम के लिए नगर निगम देहरादून के 100 वार्डों में लार्वा नष्ट करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ .धन सिंह रावत ने बताया कि देहरादून नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में डेंगू रोकथाम के लिए प्लान बनाया गया है। प्रत्येक घर में स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम की टीमें लार्वा नष्ट करने के लिए जाएंगी।


