बाइक सवार दम्पत्ति ने दुकान घुसकर बचाई जान
नैनीताल। भीमताल के खुटानी इलाके में एक तेंदुआ अचानक एक चलती बाइक से टकरा कर बाइक के पहिए में फंस गया। तेंदुए के टकराते ही बाइक सवार दम्पत्ति संतुलन खो बैठे और सडक़ पर ही गिर गए। गनीमत रही कि बाइक सवार दम्पत्ति ने तत्परता दिखाते हुए पास की दुकान में घुसकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद बाइक में फंसे तेंदुए को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई और सडक़ पर जाम लग गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह तेंदुए को रेस्क्यू कर रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे एक बाइक सवार दम्पत्ति घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहा था कि अचानक एक तेंदुआ उनकी बाइक से टकराकर पहिए में फंस गया। तेंदुए के टकराते ही बाइक पलट गई और बाइक सवार दम्पत्ति सडक़ पर गिर गए। बाइक सवार दम्पत्ति ने किसी तरह दुकान के अंदर गए और अपने को बचा लिया। तेंदुए का पैर बाइक के पहिए में फंसने से तेंदुआ काफी देर तक निकलने की कोशिश करता रहा लेकिन वह निकल नहीं पाया और घायल हो गया।
इस बीच बाइक में तेंदुवा फंसा होने की बात सुनकर वहां लोगों की भीड़ जमा होने लगी। लोगों ने तेंदुए की फोटो और वीडियो भी कैद कर ली। जो सोशियल मीडिया पर भी काफी वायरल हो रही है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी।
रेस्क्यू कर रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा तेंदुआ
वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि तेंदुए के बाइक से टकराने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग की टीम को मौके पर रवाना किया गया। साथ ही घायल तेंदुए को सुरक्षित निकालने के लिए रानीबाग से विशेष रेस्क्यू टीम भी बुलाई गई। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू किया।वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को रेस्क्यू कर तेंदुए को रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है। इस घटना के बाद एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।







Leave a Comment