हल्द्वानी। शहर के पॉलीशीट क्षेत्र में सोमवार सुबह घर के बाहर एक आवारा कुत्ते ने 17 वर्षीय किशोरी पर हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से किशोरी के पैर में गहरा घाव हो गया। परिजनों ने उसे बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
वार्ड-5 के शांतिनगर क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, इससे पहले भी यहां कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सोमवार सुबह 17 वर्षीय सिद्धि घर के बाहर थी, तभी एक कुत्ता उस पर झपट पड़ा और उसके पैर में काट लिया।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने कुत्ते को पकड़ने के लिए नगर निगम को सूचना दी। हालांकि, नगर निगम की टीम कुत्ते को पकड़ने नहीं पहुंच सकी। बताया गया कि टनकपुर रोड स्थित एबीसी सेंटर में पहले से एक कुत्ता संक्रामक बीमारी कैनाइन डिस्टेंपर से ग्रसित है। एहतियात के तौर पर सेंटर में किसी अन्य कुत्ते को नहीं रखा जा सकता।
नगर निगम के अनुसार, कुत्ते को रखने के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण टीम उसे पकड़ने नहीं गई। इससे क्षेत्रवासियों में आवारा कुत्तों को लेकर चिंता बनी हुई है।







Leave a Comment