देहरादून। उत्तराखण्ड के आपदाग्रस्त इलाकों का दौरा कर रहे भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनिल बलूनी बाल बाल बच गए। बद्रीनाथ हाईवे पर दौरा करते समय अचानक हाईवे पर पहाड़ भरभरा कर गिरने लगा। इस दौरान सांसद बलूनी ने पीछे की ओर भाग कर अपनी जान बचाई। उन्होंने इस खौफनाक मंजर का वीडियो भी अपने एक्स हैंडल पर साझा किया है। सांसद बलूनी ने अपने संदेश में बाबा केदारनाथ से सभी लोगों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की है।
उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में जारी भीषण वर्षा और भूस्खलन के बीच बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनिल बलूनी ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने न केवल स्थिति का जायजा लिया बल्कि एक भयावह भूस्खलन का भी प्रत्यक्ष अनुभव किया। इस भूस्लखलन के खौफनाक मंजर को उन्होंने एक्स पर पोस्ट के जरिए शेयर किया है।
बलूनी ने बताया कि जब वे रास्ते से गुजर रहे थे, तभी अचानक पहाड़ी से तेजी से मलबा गिरने लगा। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और अन्य लोगों को पीछे हटने को कहा। लेकिन भूस्खलन इतनी तेजी से हुआ कि बलूनी को तेजी से पीछे भागना पड़ा। गुरुवार को अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा, ‘उत्तराखंड में इस वर्ष आई अतिवृष्टि और भूस्खलन ने गहरे घाव दिए हैं, जिन्हें भरने में समय लगेगा’। उन्होंने आपदा के दृश्य को भयावह बताते हुए कहा कि यह प्रकृति का ऐसा रूप है जो आम जनजीवन को झकझोर कर रख देता है। सांसद बलूनी ने अपने संदेश में बाबा केदारनाथ से सभी लोगों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और उन कर्मचारियों की भी सराहना की जो कठिन परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।







Leave a Comment