-भाजपा शासित राज्यों में स्वास्थ्य शिविरों के साथ ही चलेगा स्वच्छता अभियान
-स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए होगा मेलों का आयोजन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 75 वर्ष के हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस उपलक्ष्य में 15 दिन से ज्यादा समय के लिए ‘सेवा पखवाड़ा’ शुरू किया है। केंद्र और राज्यों की भाजपा शासित सरकारों ने दो अक्टूबर तक देश भर में स्वास्थ्य शिविर लगाने से लेकर स्वच्छता अभियान चलाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मेलों और बुद्धिजीवियों के समागम तक कई तरह के जन संपर्क, कल्याण, विकास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी आज मध्यप्रदेश के धार में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे। वह जनजातीय आबादी पर केंद्रित एक कार्यक्रम सहित कई अन्य विकास कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे और लोगों को संबोधित भी करेंगे। भाजपा नेताओं, सहयोगियों और अन्य दलों के सदस्यों ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी और देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार करने के लिए उनकी प्रशंसा की। मुर्मू ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा ‘आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है।’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से देश को नई ऊर्जा दी है और उसे एक नई दिशा दिखाई है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पीएम मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताया और कामना की कि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बने और आतंकवाद तथा भ्रष्टाचार को खत्म कर ‘विश्वगुरु’ बने।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उन्हें 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं एवं आकांक्षाओं का पथप्रदर्शक बताया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इस मौके पर प्रधामंत्री को बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 75 साल के हो गये।







Leave a Comment