हल्द्वानी। रविवार देर रात हल्द्वानी का रामपुर रोड गोलियों की तड़ तड़ाहट से गूंज उठा। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और पार्षद ने जज फार्म निवासी युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक की मौत हो गई। पुलिस को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने सोमवार सुबह घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
जानकारी के मुताबिक जज फार्म निवासी 25 वर्षीय नितिन लोहनी पुत्र कैलाश चंद्र लोहनी रविवार रात अपने दोस्त कमल के साथ गौलापार गया था।
वापसी में वे डहरिया में भाजपा नेता और पार्षद अमित के घर पर जा रहे थे। पार्षद के बेटे को वे पहले से जानते थे। कमल के अनुसार कुछ दिन पहले पार्षद के बेटे का किसी से झगड़ा हुआ था। इस बारे में बात करने के लिए कमल और नितिन रविवार रात पार्षद के घर पर गए थे। आरोप है कि गेट पर बेल बजाते ही छत से पार्षद ने फायर कर दी। पहला फायर जमीन पर लगा और दूसरा सीधा नितिन के पीठ पर। जिस कारण नितिन घसीटता हुआ नहर के किनारे जाकर गिर गया। तीसरा फायर कमल पर किया लेकिन वह भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल विजय सिंह मेहता मौके पर पहुंचे और पार्षद को हिरासत में लिया। कमल का आरोप है कि एक रिवाल्वर पार्षद के बेटे के हाथ में भी थी जो घटनास्थल पर मौजूद था। पुलिस पार्षद से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रख दिया है। मृतक की पीठ पर गोली के 50 से अधिक छर्रे लगे हैं।







Leave a Comment