प्रदेश कार्यकारिणी की पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से हुआ चुनाव
देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ की वार्षिक प्रांतीय स्तर की बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी में पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। बैठक में लक्ष्मी बिष्ट की कार्य प्रणाली की सभी ने प्रसंशा की और सर्वसम्मति से लक्ष्मी बिष्ट को उत्तराखंड राज्य आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ का संरक्षक चुना गया। बैठक में सवर्ससम्मति से प्रदेश अध्यक्ष के पद पर सुशीला खत्री और ममता बादल को प्रदेश महामंत्री चुना गया।
बैठक में जिला अध्यक्ष सुधा शर्मा ने कहा कि 10 वर्षों से संगठन में प्रदेश महामंत्री के दायित्व पर काम कर रही सुशीला खत्री ने हमेशा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुसार संगठन में कार्य किया। उन्होंने कहा कि सुशीला खत्री संगठन की संघर्षशील अनुशासित कार्यकर्ता रही हैं वर्ष 2012 से संगठन में प्रदेश महामंत्री के पद पर रहते उन्होंने पद की गरिमानुसार कार्य किया है। संगठन ने उनको तीन बार प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी है जिसको उन्होंने बखूबी निभाया है। उन्होंने संगठन के पद पर रहकर संगठन को मजबूत बनाने एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सरकार एवं विभाग से समाधान हेतु निरंतर कई सफल आंदोलन, भूख हड़ताल कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं के साथ ही मानदेय वृद्धि का प्रयास किया है। बैठक में सर्वसम्मति से समस्त प्रदेश पदाधिकारियों की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष के पद पर सुशीला खत्री को चुना गया।

वहीं ममता बादल को प्रदेश महामंत्री के पद पर चुना गया है। ममता बादल लंबे समय से हरिद्वार जनपद की जिला अध्यक्ष के पद पर कार्यरत रही हैं और उन्होंने अपने कार्यकाल में अपनी मेहनत और लगन से संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है एवं वह एक संघर्ष शील कार्यकर्ता है। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने 2023 के कार्यों की रूपरेखा तैयार की एवं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी।
बैठक में नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री ने कहा कि संगठन के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्षों द्वारा सर्वसम्मति से मुझे संगठन में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है इस दायित्व का निर्वाहन मैं पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ करूंगी। जिस आशा के साथ मुझे निर्विरोध चुना गया है मैं उस पर खरा उतरूँगी और कभी भी संगठन को निराश नहीं करूंगी।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भवन किराए की समस्या, मिनी आंगनवाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण की समस्या, टेक होम राशन के भुगतान की समस्या, लंबित मानदेय की समस्या प्रमोशन प्रक्रिया में उत्पन्न समस्याओं पर जल्द ही संगठन कार्यवाही करेगा।
बैठक में उर्मिला देवी, वैशाली खत्री, गीता चौहान, मधु पुंडीर, शमा परवीन, कमरुल निशा शबा, समेत सैकड़ों बहनें मौजूद रही। बैठक में उपस्थित सभी सम्मानित आंगनवाडी बहनों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाओं के साथ बैठक का समापन किया गया।

