अल्मोड़ा। लमगड़ा ब्लॉक के चौमू गांव में सोमवार को अज्ञात वन्य जीव के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार चौमू के इंदर सिंह राणा पर सोमवार दिन के समय अज्ञात जंगली जानवर ने अचानक हमला कर दिया, जंगली जानवर के हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इंदर सिंह के गंभीर रूप से घयल होने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। लेकिन तकनीकी खराबी के कारण एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर घायल इंदर सिंह राणा को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक अत्यधिक रक्तस्राव होने और गंभीर चोटें आने की वजह से उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। गांव वालों का मानना है कि हमला संभवत: गुलदार या फिर जंगली सुअर ने किया होगा। लोगों का कहना है कि कई बार गांव के आसपास गुलदार को चहलकदमी करते भी देखा गया है। वहीं प्रारंभिक जांच टीम ने सूअर के हमले की आशंका जताई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। लेकिन गांव में भय का माहौल बना है।







Leave a Comment