चंपावत। बाराकोट क्षेत्र के च्यूरानी गांव में शौच के लिए गए एक व्यक्ति पर गुलदार ने हमला कर उसकी जान ले ली। गुलदार के हमले में मारे गए व्यक्ति देव सिंह अधिकारी जल निगम में अंशकालिक चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में गहरा सदमा और दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार च्यूरानी गांव के धरगड़ा तोक निवासी 45 वर्षीय देव सिंह अधिकारी सुबह शौच के लिए गए थे। कुछ देर बाद वहां कुत्ते जोर-जोर से भौंकने लगे तो उनकी पत्ïनी को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जब वह घर से करीब 100 मीटर दूर देखने गई तो गुलदार ने उनके पति देव सिंह अधिकारी को दबोच रखा था। पत्ïनी ऊषा देवी द्वारा हल्ला मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। गुलदार ने देव सिंह के गले पर हमला कर बुरी तरह नोच दिया था जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार ने सोमवार शाम को भी देव सिंह की पत्नी ऊषा पर हमले का प्रयास किया था जिसमें वह बाल-बाल बची थीं। इस तरह महज 12 घंटे के भीतर गुलदार ने पुन: हमला कर उषा देवी के पति की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।







Leave a Comment