Uttarakhand DIPR
WhatsApp Image 2026 11 13 at 19.33.13 1

मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा में खूनी संघर्ष, अस्पताल में चाकू से हमला कर युवक की हत्या

खबर शेयर करें

रुद्रपुर। शहर में मोबाइल कारोबार को लेकर दो पक्षों के बीच चल रही व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गई। जगतपुरा-आवास विकास क्षेत्र में दो मोबाइल दुकानदारों के बीच हुए विवाद में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां एक बार फिर विवाद भड़क उठा। आरोप है कि इसी दौरान राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (30) पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े हुई हत्या से हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा-आवास विकास में दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति की मोबाइल की दुकानें आमने-सामने हैं। दोनों के बीच लंबे समय से कारोबार में प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी रंजिश ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।

घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि अस्पताल में उपचार के दौरान राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल परिसर में हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में भारी पुलिस बल जिला अस्पताल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बीच विवाद की वजह, हत्या में शामिल आरोपियों और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

1110202602 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top