रातभर चला रेस्क्यू अभियान, 1,500 यात्रियों को सुरक्षित निकाला
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के समीप रविवार शाम पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद मलबा आने से पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया और कई यात्री फंस गए। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों ने रातभर अभियान चलाया। इस दौरान करीब 1,500 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से चीरबासा के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। हादसे में एटा, उत्तर प्रदेश निवासी पांच वर्षीय यश पुत्र रोहताश यादव पत्थरों की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम ने बच्चे के शव को पालकी के जरिए एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि चीरबासा क्षेत्र में मलबा और पत्थर गिरने से पैदल मार्ग बाधित हो गया था। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया। देर रात तक यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्रवाई जारी रही।







Leave a Comment