हल्द्वानी। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) के लिए अब अलग-अलग कैडर बनाया जाएगा। एससीईआरटी निदेशक बंदना गर्ब्याल के मुताबिक, कैडर गठन के प्रस्ताव को कार्मिक और वित्त विभाग की मंजूरी मिल चुकी है। अब इसे कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
अभी तक एससीईआरटी और डायट में माध्यमिक शिक्षा विभाग से शिक्षकों की तैनाती की जाती रही है। माध्यमिक शिक्षा विभाग में पहले से ही शिक्षकों की कमी है। यही वजह है कि विभाग में चार हजार से अधिक पदों पर अतिथि शिक्षकों की तैनाती की गई है। ऐसे में एससीईआरटी और डायट के लिए अलग कैडर बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इसके लिए तैयार ड्राफ्ट को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रस्ताव के अनुसार, एससीईआरटी में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पदों के साथ अपर निदेशक और निदेशक के पद होंगे। वहीं, डायट में प्रवक्ता के साथ उप प्राचार्य और प्राचार्य के पद होंगे।
अलग-अलग कैडर बनने के बाद डायट में अकादमिक संवर्ग के अधिकारियों और शिक्षकों की तैनाती की जाएगी, जबकि एससीईआरटी में अधिकारियों के लिए प्रशासनिक संवर्ग की व्यवस्था होगी।
फिलहाल एससीईआरटी और डायट में माध्यमिक शिक्षा विभाग से तबादले के जरिए शिक्षक तैनात किए जा रहे हैं। निदेशालय और शासन स्तर से भी शिक्षकों को यहां तैनाती मिलती है। नए कैडर के गठन के बाद इन संस्थानों के लिए अलग से भर्ती की जाएगी। इसके लिए अलग सेवा नियमावली भी तैयार की जाएगी।







Leave a Comment