अडानी ग्रुप कर रहा है रोपवे का निर्माण
देहरादून। केदारनाथ रोपवे निर्माण को लेकर अडानी ग्रुप के संस्थापक व अध्यक्ष गौतम अडानी उत्साहित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया में भारी रोपवे की वीडियो जारी करते हुए बताया कि यह दुनिया का सबसे सुरक्षित रोपवे होगा। सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 12.9 किलोमीटर लंबे रोपवे का निर्माण अडानी गु्रप कर रहा है। सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक शटल सेवा संचालित होती है। इसके बाद गौरीकुंड से केदारनाथ की 19 किलोमीटर पैदल यात्रा होती है। इसी यात्रा में घोड़े-खच्चरों और डोली की भी सुविधा मिलती है। रोपवे शुरू होने के बाद सीधे सोनप्रयाग से केदारनाथ की यात्रा हो सकेगी।
अडानी गु्रप के अध्यक्ष गौतम अडानी ने वीडियो जारी करके बताया है कि वह आस्था को सुविधा से जोडऩे का कदम उठा रहे हैं। इस रोपवे के बनने से अब तक केदारनाथ का जो सफर आठ से नौ घंटे में पूरा होता है, वह महज 36 मिनट में हो जाएगा। अडानी ने वीडियो के माध्यम से कहा है कि यह रोपवे समय तो बचाएगा साथ में सुरक्षित व सुगम यात्रा भी कराएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सतत निर्माण मंजूरी हमारा वादा है। इससे स्थानीय पर्यटन व अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
एक बार में 35 यात्री बैठ सकेंगे
रोपवे में जो गोंडोला (ट्रॉली) इस्तेमाल की जाएगी, उसमें एक बार में 35 तीर्थयात्री बैठ सकेंगे। एक घंटे में सोनप्रयाग से केदारनाथ या केदारनाथ से सोनप्रयाग के बीच 1800 तीर्थयात्री रोपवे से जा सकेंगे। यह भारत का पहला ऐसा रोपवे होगा जो कि 3-एस ट्राइकेबल तकनीक पर चलेगा। यह ऐसी केबल कार प्रणाली है, जिसमें तीन केबल का इस्तेमाल होता है। यह विश्व की सबसे सुरक्षित व अत्याधुनिक तकनीक मानी जाती है।







Leave a Comment