नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने मंगलवार को तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में एक चरण में वोट डाले जाएंगे। दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को चुनाव नतीजे आएंगे। चुनाव तारीख की घोषणा के साथ ही दिल्ली में आचार संहिता लागू हो गई है। दिल्ली में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच मानी जा रही है। हालांकि कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ इस चुनाव में उतरने जा रही है।
70 सदस्यीय विधानसभा वाले दिल्ली सरकार का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है और नए सदन के गठन के लिए उससे पहले चुनाव होने हैं। दिल्ली में पारंपरिक रूप से एक ही चरण में विधानसभा चुनाव होते रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में 13 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ हैं। दिल्ली में कुल एक करोड़ 55लाख 24,858 मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाता 85,49,645 और 71,73,952 महिला मतदाता हैं। दिल्ली में दो लाख फस्र्ट वोटर हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली चुनाव के लिए 10 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। इसी दिन से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। नामांकन करने की आखिरी तारीख 17 जनवरी 2025 रखी गई है, 18 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 20 जनवरी को प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।