Report ring desk
रानीखेत। पूर्वी सिक्किम में बुधवार को कुमाऊं रेजीमेंट के जवानों को ले जा रहा सेना का वाहन 600 फुट खाई में गिर गया। हादसे में तीन जवान शहीद हो गए और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना न्यू जवाहलाल नेहरू रोड पर हुई। यह मार्ग गंगटोक को सोमगो झील और भारत चीन सीमा के निकट नाथुला से जोड़ता है।
वाहन में छह जवान सवार थे। शहीद हुए जवानों में दो उत्तराखंड के हैं। मृतकों की पहचान रामनगर निवासी हिमांशु नेगी पुत्र हीरा सिंह नेगी वर्तमान निवासी हेमपुर पांडे कॉलोनी, काशीपुर, ऊधमसिंहनगर और ताड़ीखेत निवासी ब्रजेश रौतेला पुत्र गोविंद सिंह के रूप में हुई है। जबकि तीसरा शहीद हुआ जवान हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि ट्रक में कुमाऊं रेजिमेंट के छह जवान सवार थे और ये गंगटोक की तरफ जा रहे थे, तभी वाहन गहरी खाई में जा गिरा। चालक और दो अन्य जवान शहीद हो गए। खराब मौसम के बीच बचाव अभियान चलाया और तीन घायल सैनिकों को गंगटोक के सेना अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां से उन्हें पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में इलाज के लिए भेजा गया है।

