Report Ring Desk
हल्द्वानी। उपनल कर्मियों की हड़ताल पर शासन के सख्त रवैये के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ सीपी भैसोड़ा ने उपनल कर्मियों को पत्र लिखकर 24 घंटे के भीतर काम पर वापस आने का अल्टीमेटम दिया है।
हड़ताल खत्म न करने पर उनके स्थान पर दूसरे कर्मचारियों को रखने की बात भी कही है। उधर उपनल कर्मियों की बुधवार को 21 वें दिन भी बुद्ध पार्क में हड़ताल जारी रही। उन्होंने निर्णय लिया कि विरोध स्वरूप बृहस्पतिवार को वे अपनी डिग्री की प्रतिलिपि जलाएंगे।
समान काम के लिए समान वेतन और नियमितीकरण की मांग को लेकर उपनल कर्मी 25 मार्च से हड़ताल पर हैं। उपनल कर्मियों की हड़ताल के चलते कोविड मरीजों को परेशानी हो रही है। प्रभारी सचिव स्वास्थ्य डॉ पंकज कुमार पांडे ने बुधवार को राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ सीपी भैसोड़ा से फोन पर बात की।
डॉ पांडे ने हड़ताल को लेकर नाराजगी जताई और मरीजों को सुविधा देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद प्राचार्य ने उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम के परियोजना अधिकारी को पत्र लिखकर हड़ताली कर्मियों के काम पर न आने की स्थिति में नए कर्मी देने को कहा है।