रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की मातृशक्ति ने स्थानीय हिमालयी भोजपत्र से विशेष राखियां तैयार कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजीं हैं। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की इस पहल ने जहां स्थानीय संस्कृति और परंपरागत हुनर को नई पहचान दी है। वहीं वोकल फॉर लोकल और महिला आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया है।
ऊखीमठ विकासखंड सभागार में मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को भोजपत्र से राखी तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने भोजपत्र जैसे स्थानीय एवं पारंपरिक संसाधन को कलात्मक रूप देकर आकर्षक राखियों को बनाया और तैयार राखियों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजा गया है।
केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फार लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित महिला सशक्तिकरण योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं तक पहुंच रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं अपने पारंपरिक कौशल को रोजगार और स्वरोजगार से जोडक़र आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ की मातृशक्ति के पास हुनर की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उस हुनर को उचित मंच और बाजार से जोडऩे की है, भोजपत्र से राखी बनाने की पहल इसी दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। इससे महिलाओं की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही स्थानीय संसाधनों, लोककला और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।







Leave a Comment