हल्द्वानी। सोशल मीडिया में कुमाऊं की महिलाओं और देवताओं के बारे में दराती हाथ में लहराते हुए अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप में मुखानी थाना पुलिस ने ब्लागर ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। ज्योति के खिलाफ ऊंचापुल निवासी जूही चुफाल ने मुखानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। ज्योति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ ही दंगा कराने के इरादे से भीड़ को उकसाने का आरोप है। थाने में पूछताछ के बाद ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना के बाहर उनके समर्थकों से पुलिस की नोकझोंक भी हुई।
पुलिस को दी तहरीर में जूही चुफाल ने कहा कि हरिपुर लालमणी किशनपुर घुड़दौड़ा निवासी ज्योति अधिकारी की वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल हो रही है। वह पहाड़ के देवताओं के लिए भी अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रही है।इसमें वह दराती लहराते हुए महिलाओं के बारे में टिप्पणी कर रही हैं। इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
मुखानी एसओ सुशील जोशी ने बताया कि जूही की तहरीर पर ज्योति अधिकारी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 27, 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना), 196 (धर्म जाति, भाषा के आधार पर शत्रुता फैलाने), 299 व 302 (धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने) की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।







Leave a Comment