Report ring desk
देहरादून। द्वाराहाट से भाजपा विधायक महेश नेगी की पत्नी ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि ये लोग विधायक को दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देकर पांच करोड़ मांग रहे थे। यह मामला नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज हुआ है।
उधर आरोपी महिला ने एक वीडियो जारी कर विधायक से सबंध और उनसे बेटी होने का दावा किया है। महिला ने अपनी बेटी का डीएनए टेस्ट करने की मांग की है। महिला का पति सेना में है। उसका कहना है बेटी का डीएनए का मिलान उसके पति से नहीं हुआ है। अब वह कोर्ट के जरिए बेटी के डीएनए का मिलान विधायक से करवाना चाहती है।

विधायक की पत्नी रीता नेगी का आरोप है कि, उनके पति राजनीति में होने के कारण अल्मोड़ा निवासी महिला और उसके परिजनों की मदद करते थे। पर आचरण सही नहीं होने पर महिला और उसके परिवार के लोगों का आना घर में बंद कर दिया था। आरोप है कि, 9 अगस्त को महिला ने फोन पर विधायक को दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

