भीमताल। नौकुचियाताल स्थित एक रिजार्ट में शनिवार की रात मेहंदी समारोह में डांस करते समय दुल्हन बेहोश हो गई। परिजन उसे भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन डाक्टरों के काफी प्रयास के बाद भी दुल्हन की जान नहीं बच पाई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार नई दिल्ली द्वारका निवासी डॉ संजय कुमार जैन अपनी बेटी श्रेया जैन की शादी के लिए नौकुचियाताल आए थे। यहां एक रिजार्ट में शादी कार्यक्रम होना था। लड़के का परिवार भी शादी के लिए यहां पहुंचा था। लड़का और लड़की दोनों ही आइटी सेक्टर में काम करते थे।
शनिवार को दिन में नौकुचियाताल में दोनों की सगाई हुई थी और शाम में मेहंदी समारोह चल रहा था। रविवार को शादी होनी थी, मगर मेहंदी समारोह में दुल्हन श्रेया स्टेज पर डांस करते समय बेहोश हो गई। यह देख हड़कंप मच गया। बेहोशी की हालत में परिजन उसे भीमताल सीएचसी ले गए। लेकिन वह बच नहीं पाई। डॉ राशिद ने बताया कि प्राथमिक जांच में हृदयाघात से मौत की बात सामने आई है ।


Leave a Comment