एक व्यक्ति को लूटकर भाग रहे थे बदमाश
देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस औैर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर हो गया, जबकि दो बदमाश फरार हो गए। वहीं, प्रेमनगर थाना प्रभारी के हाथ में गोली लगी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात पौंधा रोड पर एक व्यक्ति को गोली मारकर बदमाशों ने उसकी चेन और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो व्यक्ति जिसके द्वारा अपना नाम देवराज बताया गया वो घायल अवस्था में मिला। घायल व्यक्ति ने बताया कि अभी-अभी कुछ बदमाशों ने जो काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार थे, लूटपाट की घटना कर गोली मार कर जंगल की तरफ भागे हैं। व्यक्ति ने बताया कि मेरे से छीने नीले रंग के बैग में दो लाख रुपए व एक मोबाइल, एक हिसाब किताब की डायरी, आईडी और अन्य कागजात थे जो तमंचे की नोक पर लूट लिए और मुझे गोली मारकर भाग गए हैं। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो कुछ दूर जाकर जंगल मे काले रंग की गाड़ी जाती दिखाई दी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें प्रेमनगर थाना प्रभारी को गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया और दो बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा थाना प्रभारी और घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया। जहां अस्पताल में बदमाश की इलाज के दौरान मौत हो गई। साथ ही प्रेमनगर थाना प्रभारी और एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है। वहीं एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।







Leave a Comment