हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इंटर्न डॉक्टर मौजूदा 17 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर शासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा के खर्च को देखते हुए 17 हजार रुपये का मासिक स्टाइपेंड पर्याप्त नहीं है। उनका यह भी कहना है कि अन्य राज्यों में इंटर्न डॉक्टरों को मिलने वाले स्टाइपेंड की तुलना में उन्हें कम राशि दी जा रही है। मांग को लेकर वे पूर्व में भी शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं, लेकिन सकारात्मक निर्णय नहीं होने के बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया।
हड़ताल के दौरान इंटर्न डॉक्टर ओपीडी, आईपीडी, वार्ड और विभिन्न विभागों में होने वाली अपनी नियमित इंटर्नशिप ड्यूटी से दूर रहे। हालांकि, मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से बाहर रखा गया है, ताकि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को परेशानी न हो।
इंटर्न डॉक्टरों ने बताया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है। रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया जा रहा है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि जब तक 30 हजार रुपये स्टाइपेंड की मांग पर शासन की ओर से सकारात्मक और लिखित निर्णय नहीं आता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।






Leave a Comment