नैनीताल। पहाड़ी गांवों में तेंदुओं के जानलेवा हमले थमने का नाम नहीं ले रहे। आए दिन तेंदुए और बाघ लोगों का अपना शिकार बना रहे हैं। रविवार शाम को तेंदुए ने हल्ड्यानी गांव में बकरी चरा रहे एक ग्रामीण पर जानलेवा हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और तेंदुए पर पत्थर मारकर अपनी जान बचाई।
मिली जानकारी के मुताबिक हल्ड्यानी गांव के दयाल चंद्र (50)पुत्र इंद्रमणि खेतों के पास बकरी चरा रहे थे। अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले का जवाब देते हुए दयाल चन्द्र ने तेंदुए पर पत्थर मारने शुरू किए और जोर जोर से शोर भी मचाया। तभी ग्रामीणों ने उसकी आवाज सुनी और वे दौड़े भागे वहां आ पहुंचे। लोगों को आता देख देख तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीण और परिजन दयाल को घायल हालत में बेतालघाट सीएचसी लेकर गए। वहां पर सीएचसी के डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से तेंदुए की भय बना है लेकिन वन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

