केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व संघ के प्रचारक सुरेश सोनी ने पुरस्कार देकर किया सम्मानित
नई दिल्ली। कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती ने वर्ष 2024 के लिए भरतमुनि सम्मान लखनऊ की कत्थक नृत्यांगना डॉ कुमकुम धर एवं साहित्य में भवानी पटना ओडिशा के संस्कृत साहित्यकर डॉ. हरेकृष्ण मेहेर को उनकी कला साधना और अपने कार्यक्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए दिया। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व संघ के प्रचारक सुरेश सोनी द्वारा सम्मानित इन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, संस्कार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मैसूर मंजुनाथ, केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के करकमलों द्वारा यह सम्मान नई दिल्ली नगर पालिका कन्वेंशन सेंटर दिल्ली में आयोजित ‘भरत मुनि सम्मान 2024’ कार्यक्रम में दिया गया। सम्मान स्वरूप एक स्मृति चिह्न, सम्मान पत्र एवं रुपए 1,51,000 की राशि भेंट की गई। इस अवसर पर संस्कार भारती द्वारा दोनों कलाकारों के जीवन और उनके कार्यों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।

मालूम हो कि कला जगत के इस प्रतिष्ठित सम्मान का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भगवत के द्वारा विगत वर्ष बंगलौर में कला साधक संगम में किया गया था जिसका प्रथम सम्मान दृश्यकला में मुंबई के चित्रकार विजय दशरथ आचरेकर एवं लोककला में सिंधुदुर्ग के श्री गणपत सखाराम मसगे को उनकी कला साधना और अपने कार्यक्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया था

