Report ring desk
रुद्रपुर। अंग्रेजी का ट्रांसलेशन न आने पर सौतेले पिता ने पांच साल की बच्ची के पीठ पर पेन की नोक से सैकड़ों घाव बना दिए। इसकी फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुई तो कुछ व्यापारियों ने पिता की पहचान की। बाद में उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस के पास किसी की तहरीर नहीं आयी है।
मलिक कालोनी निवासी एक महिला का कुछ साल पहले पति से तलाक हो गया था। इसके बाद वह अपनी दो बेटियों के साथ रहने लगी। बाद में उसने योगेश नाम के युवक से शादी कर ली। शादी के बाद पूरा परिवार साथ रहने लगा। कुछ समय बाद योगेश छोटी बेटी को यह कहकर प्रताड़ित करने लगा कि उसे अंग्रेजी नहीं आती है। उसने बच्ची की पीठ पर पेन की नोक चुभाकर सैकड़ों निशान बना दिए।
बच्ची के पीठ पर निशान देख किसी ने फोटो फेसबुक पर पोस्ट कर दी। फोस्ट वायरल होने पर शहर के कुछ व्यापारियों ने उसकी पहचान कर ली। रविवार सुबह व्यापारी सोनू खुराना साथियों साथ आरोपी युवक के घर गया और उसे पकड़ लिया। सूचना पर सीओ सिटी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक मासूम बच्ची की मां ने बताया कि उसका पति दो साल से उसकी बेटियों को प्रताड़ित कर रहा था। कुछ दिन पहले वह एक अंग्रेजी की किताब लेकर आया। उसने पांच साल की बेटी को पढ़ने और उसका ट्रांसलेशन करने को कहा था। जब वह यह सब नही कर पाई तो उसने शरीर में पेन की नोक चुभाकर घाव कर दिए। पति की इस हरकत के बाद वह बच्चों को लेकर गूलरभोज चली गई थी।

