Report ring desk
रुड़की। रुड़की से भारतीय किसान यूनियन रोड़ गुट के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच कर गए । पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। किसान गंगनहर किनारे स्थित प्रशासनिक भवन में जमा हुए थे। दोपहर करीब 12 बजे किसान दिल्ली के लिए निकले तो आधा किमी किमी दूर गणेशपुर पुल पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर किसानों को रोक दिया।
इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने अधिकांश किसानों को समझाकर लौटा दिया, लेकिन दोपहर बाद किसान दोबारा प्रशासनिक भवन पहुंचे और करीब एक दर्जन गाड़ियों से दिल्ली रवाना हो गए।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार सुबह करीब 11 बजे भारतीय किसान यूनियन रोड़ गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष पद्म सिंह रोड़ के नेतृत्व में प्रशासनिक भवन पर जमा हुए। किसान गंगनहर पटरी से प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़े तो गणेशपुर पुल से हाईवे पर चढ़ने से पहले ही यहां तैनात भारी पुलिस बल ने किसानों को बैरिकेड लगाकर रोक दिया। किसानों की पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने किसानों को समझाबुझाकर शांत किया।
इसके बाद किसान दोबारा जमा हुए। 10-12 गाड़ियों में दिल्ली के लिए कूच कर गये। दोपहर बाद करीब 80 किसान गाड़ियों में सवार होकर दिल्ली रवाना हो गए।