Crime

मामूली विवाद पर बुजुर्ग महिला की हत्या, बचाव के लिए आई 95 साल की मॉ भी घायल

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा। स्याल्दे के बसई रतखेत गांव में मामूली विवाद पर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दरंती और पत्थरों से वार कर उसकी हत्या कर दी। यही नहीं बीच-बचाव करने आई 95 साल की लाचार मां को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उसे भी घायल कर दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक अल्मोड़ा के स्याल्दे ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा बसई के रतखेत तोक में शनिवार को हुई एक मामूली बात पर एक बुजुर्ग महिला तुलसी देवी (66)की पड़ोस में रहने वाले राजे सिंह (70) ने दराती और पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतका के भाई ने बताया कि तुलसी देवी पिछले करीब 40 साल से अपने मायके में रह रही थी। वह अपनी 95 वर्षीय बुजुर्ग मां धनुली देवी की देखभाल करती थी। शनिवार सुबह तुलसी देवी घर में पूजा-पाठ कर रही थी। तभी आरोपी राजे सिंह घर के पास ही अपने खेत में काम करने पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि राजे सिंह ने तैश में आकर दरांती और पत्थरों से तुलसी देवी के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। बेटी की चीख-पुकार सुनकर 95 वर्षीय मॉ धनुली देवी उसे बचाने के लिए आई तो आरोपी ने बुजुर्ग मां पर भी दरांती से वार कर दिया। चोट लगने के बाद वह भी घायल होकर जमीन पर गिर गईं।

गंभीर रूप से घायल तुलसी देवी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याल्दे पहुंचाया गया, जहां अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के भाई हरीश चंद्र मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही देघाट पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दरांती को भी कब्जे में लिया है। घटना के बाद आरोपी राजे सिंह फरार हो गया।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top