WhatsApp Image 2026 09 06 at 19.56.11

गौला नदी में मिला 12वीं के छात्र का शव, पिता ने जताई हत्या की आशंका

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। भुजियाघाट के पास गधेरे में नहाने के दौरान बहने वाले 12वीं के छात्र आदित्य टम्टा (17) का शव रविवार सुबह राजपुरा में गौला नदी के किनारे बरामद हुआ। आदित्य शनिवार दोपहर बर्थडे पार्टी के दौरान तेज बहाव में बह गया था। करीब 21 घंटे की तलाश के बाद एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों ने उसका शव बरामद किया।

टीपीनगर क्षेत्र के मानपुर उत्तर निवासी आदित्य शनिवार को सात रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ भुजियाघाट में बर्थडे पार्टी मनाने गया था। दोपहर करीब 12 बजे वह गधेरे में नहाने उतरा। बताया गया कि वह एक पत्थर पर खड़ा था, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। साथियों ने उसे बाहर निकलने के लिए आवाज लगाई, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह सुरक्षित बाहर नहीं निकल सका।

बताया जा रहा है कि आदित्य ने एक पत्थर से दूसरे पत्थर पर छलांग लगाने का प्रयास किया, लेकिन पैर फिसलने से वह पानी के तेज बहाव में बह गया। इसके बाद एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों ने उसकी तलाश शुरू की।

रविवार सुबह करीब नौ बजे राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी के किनारे उसका शव मिला। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। इसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया।

आदित्य परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। वह 12वीं कक्षा का छात्र था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, आदित्य के पिता अशोक टम्टा ने बेटे की मौत पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top