रामनगर। सोमवार सुबह धनगढ़ी नाले के पास तेज रफ्तार बस ने छह लोगों को रौंद दिया। ये सभी लोग बरसाती नाले का जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे थे। हादसे में रामनगर निवासी दो शिक्षकों की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। चार घायलों में भी तीन भी शिक्षक बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार धनगढ़ी नाले में पानी उफान पर होने के कारण नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थी। लोग पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार बस ने छह लोगों को रौंद दिया। इसमें दो शिक्षकों की मौत हो गयी जबकि चार लोग घायल हो गये। प्रथम दृष्टया में हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हालांकि जांच के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान सुरेंद्र सिंह पंवार (53 )पुत्र बिशन सिंह पंवार, निवासी गंगोत्री विहार कनियां रामनगर, वीरेंद्र शर्मा( 42) पुत्र देवीदत्त शर्मा, निवासी मानिला विहार चोरपानी, रामनगर के रूप में हुई है। दोनों हरणा में शिक्षक के रूप में तैनात थे। वे रोजाना की तरह घर से हरणा सल्ट पढ़ाने के लिए जा रहे थे। चार घायलों में भी तीन भी शिक्षक बताए जा रहे हैं। घायलों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घायलों में ललित पाण्डे मोहान स्थित इंडियन मेडिसिन फार्मास्यूटिकल कॉरपोरेशन लिमिटेड में तैनात हैं। सत्य प्रकाश, दीपक शाह और सुनील राज ये सभी शिक्षक हैं और स्कूल के लिए जा रहे थे।







Leave a Comment