अल्मोड़ा। गृहकार्य पूरा न करने पर लमगड़ा ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में एक छात्रा की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। परिजनों ने अतिथि शिक्षिका पर बेत से मारने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। छात्रा के शरीर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान मिले हैं। मामले को लेकर परिजनों और क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के मुताबिक राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं के क क्षा छह में पढऩे वाली छात्रा को गृहकार्य दिया गया था। बताया जा रहा है कि छात्रा लगा ार चार-पांच दिनों से गृहकार्य पूरा करके विद्यालय नहीं ला रही थी। इसी बात को लेकर शिक्षिका ने छात्रा को डांटा। आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका ने आपा खो दिया और बेत से छात्रा की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद छात्रा काफी देर तक रोती रही। विद्यालय की छुट्टी होने के बाद छात्रा जब रोते हुए घर पहुंची तो परिजनों ने उसके शरीर पर पिटाई के निशान देखे तो वे आक्रोशित हो गए। इसके बाद परिजन मामले की शिकायत लेकर विद्यालय पहुंचे। सूचना मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मारकंडे शुक्ला ने बताया कि छात्रा पिछले चार-पांच दिनों से गृहकार्य करके नहीं ला रही थी। इसी बात पर शिक्षिका ने उसे डांटा और पिटाई कर दी। उन्होंने कहा कि छात्रा को पीटना गलत है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। मामले में अब विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







Leave a Comment