मध्य प्रदेश की जबलपुर में गुरुवार को हुए क्रूज हादसे की हृदयविदारक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। बरगी डैम में क्रूज पलटने से कई टूरिस्ट पानी में समा गए। दिल दहला देने वाले इस हादसे में ममता का ऐसा मंजर सामने आया जिसे देखकर हर किसी का दिल पसीज गया। मॉ-बेटे की लाइफ जैकेट के भीतर एक-दूसरे से लिपटी तस्वीर को देखकर हर किसी के आंखों में आंसू छलक पड़े।
क्रूज हादसे में अब भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। अब तक नौ शव बरामद किए गए हैं और 28 लोगों को बचा लिया गया है। इन शवों की तस्वीरें विचलित करने वाली हैं। मॉ-बेटे की यह तस्वीर हर किसी के दिल को झकझोर देती है। यह तस्वीर इस भयावह हादसे का मंजर सोचने को मजबूर कर रही है कि कैसे आखिरी सांस तक इस मां ने अपने बच्चे को बचाने की कोशिश की होगी। इस मां का दिल कितना तड़पा होगा, जब पानी में डूबते वो खुद के साथ अपने बच्चे को भी तिल-तिल मरते देख रही होगी। उसे हर बार लगा होगा काश मेरा बच्चा बच पाए।
लाइफ जैकेट में लिपटी मॉं मरिना मैसी और उसके सीने से चिपका चार साल का बेटा त्रिशान। जब दोनों के शव की बरगी डैम की गहराई से बाहर निकाले गए तो वहां मौजूद हर दिल सन्न रह गया और हर किसी के ऑंखों में आँसू भर आए। पानी ने मॉ बेटे की जिंदगी छीन ली। लेकिन मॉ का स्नेह बेटे को थामे रहा। इस तस्वीर ने हर किसी के दिल को झकझोर दिया।
मरीना के पति प्रदीप और बेटी सिया किसी तरह जान बचाने में कामयाब रहे। पूरा परिवार जबलपुर घूमने गया था।







Leave a Comment