देहरादून। उत्तराखण्ड के चकराता तहसील के खरासी गांव में एक अनोखा विवाह समारोह चर्चा का विषय बन गया जब एक ही परिवार के 5 भाईयों का विवाह एक साथ, एक ही दिन और एक ही मंडप में हुआ। यही नहीं इस विवाह की एक और खास बात यह रही कि यह विवाह जौनसारी परम्परा के जोझोड़े के अनुसार किया गया जिसमें पॉचों दुल्हनें बारात लेकर दूल्हों के घर पहुंची।
इस विवाह समारोह की सबसे खास बात यह रही कि जौनसारी परंपरा जोझोड़े के मुताबिक पांचों दुल्हनें स्वयं बारात लेकर दूल्हों के घर पहुंचीं। इस अनोखे नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। यह परंपरा क्षेत्र में संयुक्त परिवार की एकता, सम्मान और सामंजस्य का प्रतीक मानी जाती है और स्थानीय संस्कृति की झलक पेश करती है।
विवाह समारोह में परिवार के पांचों भाई नरेंद्र का विवाह हय्यो निवासी अन्नू से, प्रदीप का विवाह जोगियो निवासी निक्की से, प्रीतम का विवाह हय्यो निवासी पुनीता से, अमित का विवाह गोरछा निवासी निर्माला से और राहुल का विवाह जोगियों निवासी आंचल के साथ हुआ।
इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए संयुक्त परिवार ने भव्य आयोजन किया और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। यह विवाह लोगों में खासा चर्चित रहा।







Leave a Comment