थराली। चमोली में जिले में डंपर की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जब एंबुलेंस उसे लेकर अस्पताल की तरफ निकली तो रास्ते में एंबुलेंस भी खराब हो गयी। ऐसे में तड़प-तड़प कर उसकी जान एंबुलेंस में चली गई।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रविवार को ग्वालदम-सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्वालदम के पास हुआ है। जहां 18 वर्षीय बाइक सवार मनीष सिंह तलवाड़ी की तरफ तेज गति से आ रहे डंपर की चपेट में आ गया। जिस कारण मनीष बुरी तरह से जख्मी हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर के टायरों ने मनीष की जांघों को बुरी तरह से रौंद दिया था। स्थानीय लोग मनीष को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्वालदम ले गए।
जहां पर डॉक्टरों ने मनीष को 108 एंबुलेंस से हायर सेंटर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ बागेश्वर रेफर कर दिया। एंबुलेंस बमुश्किल 12 किमी दूर कंधार नामक कस्बे में ही पहुंची थी कि अचानक उसका इंजन बंद हो गया। बैजनाथ से दूसरी 108 एंबुलेंस मंगाई गई, इस दौरान करीब एक घंटा बीत गया। घायल मनीष एंबुलेंस में ही दर्द से छटपटाता रहा। जब तक बैजनाथ से एंबुलेंस कंधार पहुंची, तब तक दर्द से तड़पते हुए मनीष ने दम तोड़ दिया।







Leave a Comment