-हरिद्वार में जनवरी से अप्रैल 2027 तक होगा कुंभ मेले का आयोजन
-सीएम धामी ने जताया प्रधानमंत्री का आभार
देहरादून। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में 2027 में होने वाले कुंभ मेला की तैयारियों के लिए 500 करोड़ की राशि जारी कर दी है। इस राशि के मिलने से कुंभ मेला क्षेत्र में होने वाले अवस्थापना विकास व घाटों के सौंदर्यीकरण समेत अन्य कार्यों में तेजी आएगी। मुख्यमंत्री धामी ने धनराशि जारी करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आभार जताया। मालूम हो कि हरिद्वार में जनवरी से अप्रैल 2027 तक कुंभ मेले का आयोजन होना है। प्रदेश सरकार ने कुंभ मेला को दिव्य व भव्य रूप से मनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत धनराशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव है। राज्य के विकास में प्रधानमंत्री ने कभी निराश नहीं किया है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल व हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ ही विभिन्न विकास कार्यों में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए संबल सिद्ध हुआ है।







Leave a Comment