खटीमा। खटीमा क्षेत्र में जंगल के अंदर मिली महिला के अधजली लाश के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पति ने ही की थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी सुरेश सिंह ने पहले गला घोंटकर पत्नी अनीता को मौत के घाट उतारा और फिर डीजल से उसके शव को जला दिया। पुलिस ने बताया कि हत्यारोपी पति को शक था कि उसकी पत्नी किसी से लंबी बातें करती है। इसके अलावा आरोपी के भी किसी अन्य महिला से संबंध थे। जिस कारण दोनों के बीच तनाव रहता था, इसलिए आरोपी ने पूरी प्लानिंग से पत्नी की हत्या कर दी।
24 मई को महिला का अधजला शव मिला था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शनिवार 24 मई को ग्राम चारूबेटा नई बस्ती के पीछे जंगल में महिला का अधजला शव मिला था। सूचना मिलते ही खटीमा कोतवाली पुलिस मौके पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। महिला की शिनाख्त अनीता देवी पत्नी सुरेश सिंह निवासी चारूबेटा नई बस्ती के रूप में हुई थी। अनीता देवी का पति सुरेश सिंह अल्मोड़ा में काम करता है।
अनीता देवी के भाई रामानंद ने अपनी जीजा पर बहन की हत्या का शक जताया था। उसने इसकी तहरीर पुलिस को दी थी। पुलिस ने महिला के रिश्तेदारों और आस पड़ोस के करीब 50 लोगों से पूछताछ करने के साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पहले उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। उसने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वो अल्मोड़ा में था। उसे फोन पर पत्नी की मौत की सूचना मिली, तब वो खटीमा पहुंचा। पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को पूरा सच बता दिया।


Leave a Comment