पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने पिता की हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी जान ली। घटना वाली रात गंभीर रूप से घायल पिता पूरी रात दर्द से कराहते रहे। लेकिन आरोपी बेटे का दिल नहीं पसीजा। सुबह होने पर जब भतीजे ने उनकी ऐसी हालत देखी तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच चल रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर पुरान गांव निवासी 50 वर्षीय बिशन राम की अपने बेटे गौरव के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में गौरव ने घर में रखे हथौड़े से अपने पिता के सिर, छाती और पैर पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। हमले के बाद आरोपी युवक अपने पिता को लहूलुहान हालत में छोडक़र दूसरे कमरे में जाकर सो गया। गंभीर रूप से घायल बिशन राम पूरी रात घर के अंदर ही दर्द से कराहते रहे।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे बिशन राम के भतीजे सूरज कुमार ने उन्हें गंभीर हालत में देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सीटी स्कैन और एक्स-रे की सलाह दी। लेकिन इलाज के दौरान ही बिशन राम ने दम तोड़ दिया।
कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी बेटे गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को लंबे समय से नशे की थी। इसी कारण परिवार से अलग रह रहा था। परिजनों का कहना है कि यदि रात में ही घटना की जानकारी मिल जाती तो संभवत: बिशन राम की जान बच सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







Leave a Comment