Report ring desk
नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का निधन हो गया है। 86 वर्षीय अजित सिंह कोरोना संक्रमित थे और गुरुग्राम के अल्ट्रा मैक्स अस्पताल में भर्ती थे।
चौधरी अजित सिंह और उनकी पोती 24 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। उन्हें गुरुग्राम के अल्ट्रा मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पिछले चार पांच दिन से वेंटिलेटर पर थे। गुरुवार की सुबह उनका निधन हो गया।
राष्ट्रीय लोक दल के नेता अजित सिंह का जन्म 12 फरवरी 1939 को मेरठ में हुआ था। अजित सिंह ने आईआईटी खड़गपुर से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। इलिनॉइस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से उन्होंने मास्टर की डिग्री हासिल की थी। कहा जाता है कि 1960 के दशक में आईबीएम में काम करने वाले वह पहले भारतीय थे।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे चौधरी अजित सिंह राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत से 7 बार सांसद रहे। वह मनमोहन सिंह की सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जबकि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में कृषि मंत्री रहे थे।


Leave a Comment