नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अफ्रीका में पहली बार आयोजित हो रहे जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शुक्रवार को तीन दिवसीय यात्रा पर दक्षिण अफ्रीका रवाना हुए हैं। जोहानिसबर्ग में प्रधानमंत्री मोदी जी20 शिखर सम्मेलन से इतर छठे आईबीएस (भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका) शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे।
मोदी ने यात्रा के लिए रवाना होने से पहले सोशल मीडिया पर दक्षिण अफ्रीका की यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि वे साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में जी20 समिट में शामिल होंगे। ये एक खास समिट है क्योंकि यह अफ्रीका में हो रहा है। पीएम मोदी ने बताया कि वहां कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। समिट के दौरान दुनिया के कई नेताओं से मुलाकात होगी। उन्होंने कहा, ‘मैं शिखर सम्मेलन में भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करूंगा, जो हमारे ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ और ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के आदर्शों के अनुरूप है।
पीएम मोदी 21 से 23 नवंबर तक समिट में शामिल होंगे, जो अफ्रीकी महाद्वीप पर होने वाले पहले जी20 समिट के तौर पर एक अहम मील का पत्थर होगा। यह पीएम मोदी का साउथ अफ्रीका का चौथा ऑफिशियल दौरा होगा, इससे पहले 2016 में उनका बाइलेटरल दौरा और 2018 और 2023 में दो ब्रिक्स समिट में उनकी मौजूदगी थी। यह समिट ग्लोबल साउथ द्वारा होस्ट की गई लगातार चौथी जी20 मीटिंग है, इससे पहले इंडोनेशिया, भारत और ब्राज़ील ने अध्यक्षता की थी। साउथ अफ्रीका से पहले जी20 प्रेसीडेंसी ब्राज़ील (2024), भारत(2023) और इंडोनेशिया (2022) के पास थी।







Leave a Comment