गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में चल रहा है इलाज, आरोपी महिला को भेजा जेल
हल्द्वानी।हल्द्वानी की एक महिला ने अपनी पड़ोसन को मजाक में मोटी क्या बोल दिया कि गुस्साई महिला ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया और फिर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक हाथीखाल गोरापड़ाव बरेली रोड में रहने वाली पुष्पा देवी पत्नी निर्मल सिंह अपनी पड़ोसन दीपा देवी पत्नी नंदन सिंह के साथ बैठी थीं। पुष्पा ने मजाक में दीपा को मोटी बोल दिया। उसकी इस मजाक से तिलमिलाई दीपा ने अचानक चाकू उठाकर पुष्पा के पेट में कई वार कर दिए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। हमले के बाद घायल पुष्पा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पुष्पा की देवरानी हेमा की तहरीर पर आरोपी दीपा देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोग इस बात से हैरान है।







Leave a Comment