Report ring desk
नैनीताल। नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक में आदमखोर तेंदुए का आतंक कम नहीं हो रहा है। शनिवार को तेंदुए ने एक और महिला को शिकार बना लिया। सप्ताहभर के भीतर आदमखोर ने तीसरे इंसान की जान ली है।
जानकारी के अनुसार ओखलकांडा ब्लाक के धौना गांव निवासी सरपंच हरीश सिंह की पत्नी खीमुली देवी( 45) घर के पास खेत में बेटी के साथ बकरियां चरा रही थी। तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। सरपंच की बेटी भागकर घर पहुंची और तेंदुए के हमले की जानकारी दी। ग्रामीणों के वहां पहुंचने तक तेंदुआ खीमुली देवी को जंगल में घसीटकर ले जा चुका था। ग्रामीणों ने तेंदुए का पीछा किया तो उन्हें खीमुली देवी लहूलुहान हालत में मिली। ग्रामीण उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।


