रामनगर। रामनगर में होटल के कमरे से गहनों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से लाखों रुपये के चोरी हुए गहने और नकदी बरामद की है जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक 5 फरवरी 2026 को दोपहर के समय थाना कोतवाली रामनगर में डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ढेला क्षेत्र स्थित रेड रूफ इन होटल के कमरे नंबर 109 में एक महिला के मंगलसूत्र और कान के कुंडल चोरी हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक राजकुमारी, महिला कॉन्स्टेबल उमा और कॉन्स्टेबल संजय सिंह को मौके पर रवाना किया। इसी दौरान शिकायतकर्ता आशीष बेलवाल निवासी हल्द्वानी स्वयं थाने पहुंचे और घटना के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 34/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो नैनीताल निवासी एक संदिग्ध महिला से पूछताछ की गई। शुरुआत में महिला ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी महिला की तलाशी लेने पर उसके बैग से चोरी हुए सोने और डायमंड का मंगलसूत्र, सोने और डायमंड का एक कान का टॉप्स व 3520 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार चोरी ज्वैलरी की कुल कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। जिसमें से करीब 6 लाख 75 हजार रुपये का सामान बरामद कर लिया गया है।






Leave a Comment