रुद्रप्रयाग । शनिवार को मां के पीछे-पीछे चुपचाप जंगल की ओर निकले चार वर्षीय मासूम मयंक के लापता होने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। यह घटना जनपद के ग्राम बाड़ब मल्ला की है, जहां बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार सहित पूरे गांव में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
घटना के दूसरे दिन रविवार को भी पुलिस, वन विभाग, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने जंगलों में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
कोतवाली अगस्त्यमुनि के प्रभारी निरीक्षक गुमान सिंह नेगी ने बताया कि घटना के बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। ड्रोन की मदद से जंगल, खाई और दुर्गम क्षेत्रों में गहन तलाशी ली जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
तेज बारिश के बावजूद रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं। उधर, मासूम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां मनीषा देवी और पिता विजय लाल गहरे सदमे में हैं।







Leave a Comment