सुबह से दोपहर तक तड़पता रहा युवक
टिहरी। टिहरी से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद में बड़े भाई-भाभी और मॉं ने धारदार हथियार से एक युवक पर हमला बोल दिया जिससे इलाज के दौरान उसके दोनों हाथ काटने पड़ेे। युवक के दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए और हड्डियां तक बाहर निकल आई हैं। युवक के गले पर भी धारदार हथियार से वार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना बालगंगा तहसील की बासर पट्टी स्थित लस्याल गांव की बताई जा रही है। यहां के अंग्रेज सिंह पुत्र स्व. गजे सिंह का अपने परिजनों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बाद अंग्रेज सिंह की मां जेठी देवी और भाभी ने मुंबई में काम कर रहे बड़े बेटे पूरब सिंह को गांव बुलाकर तीनों ने मिलकर अंग्रेज सिंह पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में घायल अंग्रेज सिंह सुबह से दोपहर तक गांव में ही असहनीय दर्द से तड़पता रहा। बाद में उसे 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले जाया गया।
बेलेश्वर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने के लिए दोनों हाथ काट दिए।
युवक ने पुलिस चौकी पहुंचकर लिखाई रिपोर्ट
इलाज के बाद अंग्रेज सिंह किसी तरह गांव लौटा और मंगलवार को चमियाला पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद थाना घनसाली में उसके भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।







Leave a Comment