Report ring desk
नैनीताल। कांग्रेसी नेता और पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के रामगढ़ ब्लॉक के प्यूड़ा गांव स्थित काटेज पर फायरिंग व आगजनी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों को रामगढ़ रोड पर स्विस विलेज वाले बैंड के पास से गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित हल्द्वानी भागने की फिराक में थे। जिसके बाद टीम के साथ मौके पर एसओ ने हल्का बल प्रयोग कर चारों को पकड़ लिया है।
पकड़े गए आरोपितों में चंदन सिंह लोधियाल (27) साल पुत्र हरेन्द्र सिंह नथुआखान, उमेश मेहता (30) पुत्र गंगा सिंह मेहता, मुक्तेश्वर, कृष्ण सिंह बिष्ट (30) वर्ष पुत्र शंकर सिंह बिष्ट और राजकुमार मेहता ( 29) वर्ष पुत्र गंगा सिंह मेहता शामिल हैं। चंदन सिंह के पास से पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि प्रदर्शन के दौरान आवेश में आकर उसने घर पर फायरिंग कर दी थी। जबकि अन्य तीनों आरोपितों ने सिर्फ प्रदर्शन करने और घर के केयरटेकरों से अभद्रता की बात स्वीकारी है।
बीते सोमवार को भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सलमान खुर्शीद के प्यूड़ा स्थित काटेज के समीप विरोध प्रदर्शन किया था। यह लोग सलमान खुर्शीद द्वारा लिखी गई किताब “सनराइज ओवर अयोध्या” में हिंदुओं के लिए की गई टिप्पणी से नाराज होकर उनके कॉटेज के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।
सलमान खुर्शीद के केयरटेकर की तहरीर पर महिला जिला पंचायत सदस्य के पति राकेश कपिल समेत बीस लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।


Leave a Comment