Report ring desk
देहरादून। राजधानी देहरादून के धौलास क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहां घर के पीछे महिला और उनके नौकर की लाश मिली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी और एसपी सिटी सरिता डोभाल ने भी घटनास्थल पर मौके का जायजा लिया।
धौलास क्षेत्र निवासी सुभाष शर्मा अपनी पत्नी 55 वर्षीय उन्नति शर्मा और नौकर राजकुमार थापा (50 वर्ष) के साथ पिछले आठ साल से यहां रह रहे थे। सुभाष शर्मा की पत्नी और उनका नौकर अचानक गायब हो गए। सुभाष शर्मा के अनुसार उन्होंने उनको ढूंढा लेकिन वो कहीं नहीं मिले। इसपर उन्होंने घर दूध पहुंचाने वाली महिला को फोन किया और उसे कहा कि शायद उनकी पत्नी और नौकर का किडनैप हो गया है। वो उन्हें घर पर कहीं भी नहीं मिल रहे हैं। वो उनकी मदद करे। महिला अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंची और उनकी खोजबीन करने लगे।
इस बीच उनके घर के पीछे उन्हें ढूंढ़ रही महिलाओं को एक बड़ी पालीथिन नजर आई, जिसके नीचे किसी का पैर दबा हुआ नजर आ रहा था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तो सुभाष शर्मा की पत्नी और उनके नौकर का शव नजर आया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।आशंका जताई जा रही है कि अवैध संबंध के शक में दोनों की हत्या की गई है।
धौलास निवासी सुभाष शर्मा यूके में नौकरी करते थे। 40 साल तक वे वहीं थे। पिछले आठ साल से वे यहां स्थित अपने बंगले में पत्नी और नौकर के साथ रह रहे थे। उनके बच्चे लंदन में रहते हैं।