Report ring Desk
नई दिल्ली। नीला आसमान और उस पर छितरे दूधिया बादल। अच्छी सी खिली धूप और मंद-मंद चलती हवाएं जैसे ही तन को छूती हैं तो मन खुश हो जाता है। आज हम बात कर रहे हैं राजधानी दिल्ली के मौसम की। प्रदूषण से पटे रहने वाले राजधानी और राजधानी परिक्षेत्र में ऐसा नजारा वर्षों बाद देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह का मौसम बहुत ही मनोहारी रहा।
देश की राजधानी दिल्ली एवं राजधानी परिक्षेत्र में सितम्बर माह में हुई लगातार बारिश ने यहां के मौसम को खुशगवार कर दिया है। ऐसा मौसम वर्षो बाद यहां देखने को मिल रहा है। हमेशा धूल और कंपनियों व मोटर वाहनों के धुएं से जूझती दिल्ली को पॉल्यूशन से काफी हद तक राहत मिली है। अब लोग इस मौसम में खुलकर सांस ले पा रहे हैं। राजधानी में पिछले दिनों अच्छी खासी बारिश होने के कारण यहंा पेड़ पौधों में भी रौनक छा गई है। वर्षो से धूल की परतों से ढके यहां के पेड़ पौधे अब साफ सुथरे और हरे भरे दिख रहे हैं।
हालांकि मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटों में दिल्ली में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ शाम तक तेज बारिश हो सकती है। इसको देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 16 सितंबर से एक बार फिर तेज बारिश का संयोग बन रहा है। ऐसे में आने वाले चार दिन और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।